सिफरी ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस-2022
5 जून, 2022
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के नेतृत्व में प्रति वर्ष अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाला विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) एक विशिष्ट दिवस है। इस महत्वपूर्ण दिवस को पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता फैलाने के लिए वर्ष 1973 से प्रतिवर्ष मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का नारा है- "केवल एक पृथ्वी" और इसका फोकस है- "प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठा कर रहना”।

इस परिपेक्ष्य में भाकृअनुप-केन्द्रीय अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान (सिफरी) के मुख्यालय बैरकपुर, कोलकाता तथा इसके क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्रों ने 5 जून, 2022 को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता पैदा किया जा सके। कार्यक्रम के आरंभ में संस्थान परिसर में विभिन्न औषधीय गुणों वाले फल जैसे आंवला जामुन, सफेदा, रुद्राक्ष आदि का वृक्षारोपण किया गया तथा उनके पारिस्थितिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। संस्थान के निदेशक, डॉ. बि. के. दास के मार्गदर्शन में निकटतम गंगा नदी के घाट, शिवराफुली पर एक जागरूकता-सह-संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिससे आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण और इसके महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके। साथ ही 'प्लास्टिक मुक्त हरित ग्रह' अवधारणा पर 'स्वच्छ भारत अभियान किया गया, जिसके माध्यम से प्लास्टिक उपयोग के हानिकारक प्रभावों को समझाया गया और संभावित (जैव अपक्षय) बायोडिग्रेडेबल विकल्प की सलाह दी गई।

संस्थान के निदेशक ने स्वस्थ जीवन और आजीविका के लिए उचित पर्यावरणीय संतुलन और जैव विविधता को बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बच्चों को भी पर्यावरण संरक्षण तथा पारिस्थितिकी तंत्र में जीवों के महत्व को बताने के लिए 'जलीय जैव विविधता' के विषय पर संस्थान कर्मियों और उनके बच्चों के लिए एक चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जिसमे 16 बच्चों सहित लगभग 45 लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से 150 से अधिक आम लोगों को जागरूक किया गया जिससे वे पर्यावरण संरक्षण की एक दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण अपना सके।





यह वेबसाइट भाकृअनुप-केन्द्रीय अन्तर्स्थलीय मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग, कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के तहत एक स्वायत्त संगठन से सम्बंधित है। कॉपीराइट @ 2010 आईसीएआर, यह वेबसाइट 2017 से कृषि ज्ञान प्रबंधन इकाई द्वारा विकसित और अनुरक्षित है।
अंतिम बार1 06/06/22 को अद्यतन किया गया